फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला कारागार फतेहगढ़ पर बंदियों से मुलाकात हेतु आने वाले परिवारजनों पुरुष, महिला, बच्चों के लिए भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए मीठे शीतल पेयजल की व्यवस्था की गयी है। वहीं धूप से बचाव के लिए रास्ते में टेंट की व्यवस्था की गयी है। कारागार के अंदर भी शीतल जल के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है। रात्रि में बैरिकों में मिल्टन के थर्मल बड़े वाटर जग में शीतल जल रखवाया जा रहा है। दोपहर में आम का पना दिया जा रहा है। सुबह शाम नहाने के लिए ठंडे पानी की आपूर्ति के लिए सीधे ट्यूबवेल से पानी आपूर्ति अतिरिक्त रूप से की जा रही है। जेल अधीक्षक भीमसैन मुकुंद ने बताया कि बंदियों और कर्मचारियों को गर्मी की बचाने के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश डीजी द्वारा दिए गए है। उन्हीं के निर्देशानुसार भीषण गर्मी को देखते हुए यह व्यवस्थायें की गयी हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए बंदियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जायेगी।