गैस सिलेंडर में आग लगने से नकदी, सोने चांदी के आभूषण व गृहस्थी जली

आग बुझाने की कोशिश में युवती झुलसी, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
फायर ब्रिगेड व ग्रामीणों की मदद से डेढ़ घंटे बाद पाया जा सका काबू
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग से हजारों की नकदी, सोने चांदी के जेवरात व गृहस्थी जलकर राख हो गयी। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम प्रहलादपुर निवासी रामपाल पुत्र पातीराम के घर सुबह करीब ८.३० बजे उस वक्त आग लग गई जब रामपाल की पुत्री गायत्री रसोई घर के अंदर खाना बना रही थी। देखते ही देखते आग विकराल हो गई। आग बुझाने में खाना बना रही गायत्री झुलस गयी। उसने शोर मचाया। जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये। लोगों ने सिलेंडर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आग लगातार विकराल होती जा रही थी। आगजनी की घटना में चार लाख रुपए की नगदी तथा घरेलू समान जलकर खाक हो गया। गृह स्वामी के अनुसार आगजनी की घटना में एक मोटरसाइकिल, एक फ्रीजर जलकर राख हो गया। इसके अलावा बेटी की शादी के लिए घर में रखा गृहस्थी का सामान वाशिंग मशीन, कूलरए, फ्रिज तथा अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सोने चांदी के जेवरातो में सोने का हार, चांदी की पायलें, सोने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र सोने का, चांदी की करधनी भी आगजनी की घटना की भेंट चढ़ गई। इसके अलावा घर में रखा 125 लीटर शिवाला का तेल भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना की सूचना डायल 112 नंबर पर दी गयी, तो पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं पुलिसकर्मियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। बताते हैं 10.30 बजे के करीब फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन पानी नहीं था। ग्रामीणों द्वारा पानी उपलब्ध कराया गया। तब फायर ब्रिगेड द्वारा ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी की घटना की जानकारी के बाद क्षेत्रीय लेखपाल तथा कानूनगो मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर आंकलन करते हुए रिपोर्ट तहसील अधिकारियों को सौंपने की बात कहीं। पीडि़त रामपाल की मानें तो उन्होंने बताया बेटी की शादी के लिए लगभग चार लाख की नगदी तथा दहेज के सामान के साथ-साथ सोने चांदी की आभूषणों की भी व्यवस्था की थी। सब कुछ जलकर राख हो गया। पीडि़त के अनुसार इस आगजनी की घटना में लगभग 10 लाख का नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *