फैक्ट्री में महिला श्रमिक की मशीन में साड़ी का पल्लू फंसने मौत

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र के मगरवारा के नेहरूबाग स्थित जिमपैक इंटरप्राइजेज फैक्ट्री में बुधवार सुबह मशीन में महिला श्रमिक की साड़ी का पल्लू फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन व मजदूरों ने हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना पर सीओ सिटी मौके पर पहुंचे कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जौनपुर थाना सराय ख्वाजा के अकबरपुर गांव निवासी कृष्णा सिंह की पत्नी रोली सिंह मगरवारा स्थित फैक्ट्री में काम करती थी। सुबह कार्य करने के दौरान उसकी साड़ी का पल्लू मशीन में फंस गया।जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।रोली के पति पास की एक अन्य फैक्ट्री में कार्यरत हैं। उन्हें घटना की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे और पत्नी को कानपुर के लीलामणि अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मौत की खबर मिलते ही परिजनों और फैक्ट्री मजदूरों ने गेट पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।जिसके बाद परिजन शांत हुए। घटना की जानकारी पर सीओ सिटी सोनम सिंह फैक्ट्री पहुंची। उन्होंने कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्र के साथ फैक्ट्री का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कर्मियों से भी घटना को लेकर जानकारी हासिल की। सीओ ने कहा कि जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *