चार दिन पूर्व छेड़छाड़ की शिकार हुई युवती की हत्या कर तालाब में फेंका शव

शरीर पर चोंटों के निशान, आंखें क्षतिग्रस्त, पुलिस मान रही है आत्महत्या
पिता ने हत्या की जतायी आशंका, फॉरेंसिक टीम ने लिये नमूने
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते दिनों छेड़छाड़ का शिकार हुई युवती की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम अद्दूपुर देहामाफी निवासी प्रकाश चंद्र शाक्य की 19 वर्षीय पुत्री कल्पना का शव मंगलवार की सुबह 5 बजे गांव से कुछ दूर स्थित एक तालाब में उतराता देखा गया। शौच करने गये ग्रामीणों ने इसकी जानकारी गांव में दी। जानकारी मिलते ही देखने पहुंचे ग्रामीणों ने युवती के परिजनों को दी। पिता ने पहुंचकर अपनी पुत्री के रुप में शव की पहचान की। मृतका के पिता प्रकाश शाक्य ने बताया कि बीती रात्रि 10 बजे उनकी बेटी शौच के लिए निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं आई तो उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने उसका शव तालाब में पड़ा देखा। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी फैजबाग जितेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष अमित गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये और जांच कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किये और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ग्रामीणों की माने तो शव पर कई चोंटों के निशान के अलावा सिर के पीछे भी चोंट के निशान थे और दोनों आंखे नहीं दिखायी दे रही थी। क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। अनुमान लगाया जा रहा है कि युवती की हत्या कर घटना को छुपाने के उद्देश्य से शव को तालाब में आरोपी फेंक गये। मृतका के पिता ने पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस की माने तो आत्महत्या मान रही है। बताते चले कि 14 सितंबर को युवती के पिता प्रकाश चंद्र ने थाना में पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें दर्शाया था कि 13 सितंबर की शाम 5 बजे गांव के ही गौतम पुत्र राजेंद्र ने पुत्री के साथ छेड़छाड़ की थी और उसे जबरियन बाग में खींच ले गया था और उसके साथ गलत हरकते की थी। आरोपी द्वारा यह धमकी दी गई कि अगर किसी को बताया तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर १६ सितम्बर को उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया और उसी रात में युवती के साथ घटना घटित हो गयी। जिस तालाब में युवती का शव मिला है स्थानीय लोगों की माने तो दो फुट से ज्यादा गहराई नहीं है। युवती के शरीर में कई जगह चोंटे है। सिर के अलावा आंखें भी क्षतिग्रस्त थी। पुलिस का मानना है कि शव पर जो चोंटों के निशान दिख रहे है हो सकता है मच्छलियों द्वारा चोंट पहुंचायी गई हो। मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा। ग्राम प्रधान पंकज यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार शरीर में पांच चोंटे व पानी में डूबने से मौत हो दर्शाया गया है। वहीं स्लाइड जांच के लिए भेज दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *