कंपिल, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से झोपड़ी जलकर राख हो गयी। ग्रामीणों ने मिट्टी पानी आदि डालकर आग पर काबू पाया। पीडि़त के अनुसार उसकी बेटी की शादी एक महीने बाद होनी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव इकलहरा निवासी ताज खां की झोपड़ी में शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने पानी मिट्टी आदि डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गृहस्थी के सामान सहित अनाज, लडक़ी की शादी के लिए रखे 45 हजार रूपये, जेवर जलकर खाक हो गए। ताज खां ने बताया की ईद के बाद पास के गांव बहबलपुर निवासी युवक के यहां से बारात आनी थी। गोद भराई हो चुकी है। घटना के समय ताज खां गांव में मजदूरी करने गये थे। पत्नी बसीमा बच्चों के साथ उपले पाथने खेत पर गई हुई थी। पीडि़त के अनुसार आग से दो लाख का नुकसान हुआ है।