शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। दीपावली के त्यौहार को लेकर डीएम की सख्ती के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी बराबर छापेमारी कर रहे हैं। जिससे जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री मुहैया करायी जा सके। इसी क्रम में रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छापामार अभियान चलाया। इस दौरान मिष्ठान विक्रेताओं में हडक़ंप मच गया। की दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर भाग गये।
जानकारी के अनुसार बीते दिन जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों के पेंच कसे थे कि दीपावली के त्यौहार पर दुकानदार मिलावटी खाद्य पदार्थ न बेचें, इसका विशेष ध्यान रखा जाये। इसी क्रम में रविवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र रावत और विनोद कुमार ने सामूहिक रुप से दुकानों में छापेमारी की। जिसमें पाठक मिष्ठान भंडार पर पेड़ा का नमूना लिया। शकील अहमद उर्फ गुड्डू की चक्की स्पेलर कारखाने पर तेल का नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की छापेमारी से रोशनाबाद व चिलसरा के दुकानदारों में हडक़ंप मच गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के जाने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली।