दो भाइयों की हत्या, कुएं में मिले शव, जांच में जुटी पुलिस

हत्या का मुकदमा दर्ज, रात में पहुंचे एसपी की जांच पड़ताल
जहानगंज, समृद्धि न्यूज। थाना जहानगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बंथलशाहपुर के बाहर काली नदी के किनारे एक पुराने कुंआ में गांव के ही दो सगे भाईयों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण कर सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बंथल शाहपुर गांव के बाहर स्थित कुएं में दो सगे भाइयों का शव दिखने की सूचना पर गांव में सनसनी फैल गई। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ लग गयी। शव के सम्बन्ध में लोग तरह तरह के कयास लगा रहे थे। कोई उसे हत्या तो कोई दुर्घटना की सम्भावना व्यक्त कर रहा था। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर थाना प्रभारी भोलेन्द्र चतुर्वेदी तथा क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डा0 संजय सिंह भी पहुंच गये और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त गुलाव (35वर्ष) व अजीत उर्फ दारा (उम्र 27वर्ष) पुत्रगण छविनाथ सिंह निवासी बंथल शाहपुर के रूप में हुई। कुएं मे दो पानी की वॉटल भी मिली है। शव की शिनाख्त के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतकों के पिता ने बताया कि गांव के ही अरविन्द के खेत में बटाई पर मक्का की फसल की थी। उसी की कटाई दोनों बेटे कर रहे थे। कुआं भी अरविन्द का है।रात में ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। वहाँ मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेंज दिया। एसपी ने बताया कि शव के आँख पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर घटना का कारण पता चल सकेगा। घटना के संबंध में मृतक के पिता ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। कुएं के पास मोबाइल व दराती रखे मिले है। गुलाव की शादी हो चुकी है, पत्नी का नाम शीला और डेढ़ वर्षीय बेटी का नाम निधि है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक किसी भी प्रकार का कोई भी तंबाकू आदि का नशा नहीं करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *