तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, वृद्धा समेत दो की मौत

पांच लोग गम्भीर रुप से घायल, पुलिस ने सीएचसी में कराया भर्ती
पटियाली से भोले बाबा के दर्शन कर वापस लौट रहे थे सभी लोग
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से भोले बाबा के दर्शन कर लौट रहे ई-रिक्शा सवार वृद्धा मायादेवी तथा बालक अभय की मौत हो गयी, जबकि पाँच लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पपड़ी मिलकिया निवासी सुशीला देवी उम्र 56 वर्षीय पत्नी जयवीर अपनी चचिया सॉस मायादेवी उम्र 60 वर्षीय पत्नी विशुन दयाल, नतिन परी उम्र 5 वर्ष के साथ सुबह ट्रेन द्वारा पटियाली जनपद कासगंज भोलेबावा के दर्शन करके वापस घर ट्रेन द्वारा लौट रही थीं। ट्रेन में सवार रेशमा उम्र 60 वर्षीय पत्नी बृजभान निवासी सिकन्दरपुर थाना शमशाबाद अपनी बेटी के यहाँ से नातिन सुर्ती उम्र 2 वर्ष, नाती कार्तिक पुत्रगण महेश चन्द्र निवासी नगला भजा दरियाबगंज जनपद कासगंज को अपने साथ ट्रेन द्वारा बुलाकर अपने घर सिकन्दरपुर शमसाबाद ले जा रही थीं। जैसे ही ट्रेन कायमगंज रेलवे स्टेशन पर रुकी, तो वहीं पर मायादेवी का बेेटा छविराम अपने ई-रिक्शे में सभी को बैैठालकर ला रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर ग्राम बरझाला थाना कायमगंज सियाराम पेट्रोल पम्प के निकट पहुंचा, तभी फर्रुखाबाद की ओर से कायमगंज जा रही तम्बाकू से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और पिकअप अनियन्त्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार सात लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुॅचे शमसाबाद थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने सभी घायलों को अपनी सरकारी जीप द्वारा कायमगंज नगर के सीएचसी में लेकर आये। जहाँ डाक्टर अमरेश कुमार ने वृद्धा मायादेवी व 7 वर्ष बच्चा अभय को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिजनों मे कोहराम मच गया। घटना की सूचना पाते ही कायमगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम अवतार, कस्वा चौकी इन्चार्ज विद्या सागर तिवारी, उपनिरीक्षक नितिन यादव, उपनिरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबिल अभिषेक, कांस्टेबिल विनीत कुमार सहित पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचकर पिकअप को कब्जे मे लेकर थाने भिजवाया। इसके बाद उन्होंने सीएचसी में पहुँचकर जाँच पड़ताल की। वहीं उपरीक्षक ने दोनों के शवों का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *