महिला के वेश में आये हमलावर ने प्रधानाचार्य को मारी गोली

निजी नर्सिंग होम में कराया गया भर्ती, हालत गंभीर
पुलिस ने पहुंचकर खंगाले सीसीटीवी मिले खराब
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। महिला के वेश में आये हमलावर ने बीआरसी केंद्र पर एआरपी को पेट में गोली मार दी और फरार हो गये। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। एआरपी को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम रूनी चुरसई निवासी विश्राम सिंह की कमालगंज क्षेत्र के नौगंवा में प्रधानाचार्य के पद पर तैंनाती है। वह एआरपी पद पर भी हैं। बुधवार को वह ब्लॉक संसाधन केंद्र बीआसी पर मौजूद थे। इस दौरान बताया जा रहा है कि महिला के वेश में कोई हमलावर बीआरसी कार्यालय पहुंचा और उसने विश्राम सिंह राजपूत के पेट में गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नाला मछरट्टा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती किया गया। मौके पर पुलिस ने पहुँचकर जांच की। बीआरसी के सीसीटीवी खराब हैं। पुलिस ने सीसीटीवी को खंगालने का प्रयास किया, लेकिन सीसीटीवी खराब मिले। जिससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या हमलावर को सीसीटीवी खराब होने की जानकारी थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

गोली लगने के बाद प्रधानाचार्य हमलावर को पकडऩे के लिए भागे

कमालगंज। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोली चलाने के बाद हमलावर ब्लॉक के बगल वाली गली से भाग निकला। वहीं मौके पर सीओ अमृतपुर रविंद्र नाथ राय पहुंचे और जांच पड़ताल की। जांच में खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय का सीसीटीवी कैमरा बंद निकला। वहीं मौके पर मौजूद राहिल कुमार ने बताया कि मीटिंग कैंपस की बिजली सही करवाई जा रही थी। जिसके चलते पूरे बीआरसी कार्यालय की लाइट काट दी गई थी। जिसके चलते उस समय मौके पर कैमरे बंद थे। प्रत्याशियों ने यह भी बताया की गोली लगने के बाद विश्राम सिंह उठकर हमलावर को पकडऩे के लिए 20-25 कदम भागे थे, लेकिन गिर पडऩे के कारण उसको नहीं पकड़ सके। हमलावर नीला सूट जिसमें सफेद कलर की लाइन थी, पहने हुए था

आरोपी को पकडक़र जेल भेजने की शिक्षक राजकिशोर शुक्ला ने की मांग

फर्रुखाबाद। भेष बदलकर आये अपराधी ने दिन दहाड़े कमालगंज में एआरपी विश्राम सिंह को गोली मार दी। थाने से चंद कदम की दूरी पर बीआरसी कमालगंज में दिनदहाड़े हुए गोली काण्ड को लेकर शिक्षकों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री राजकिशोर शुक्ल ने घटना की घोर निन्दा करते हुए कहा कि शिक्षक पर हमले के लिए पुलिस की लचर व्यवस्था जिम्मेदार है। उन्होंने हमलावर को शीघ्र पकड़ कर जेल भेजने की मांग करते हुए कहा कि इस प्रकरण में प्रभावी ढंग से कार्यवाही होनी चाहिए। अन्यथा प्राथमिक शिक्षक संघ अग्रिम रणनीति पर विचार करेगा। पुलिस की निष्क्रियता से ही घटनाएं हो रही है। कायमगंज के दर्जनों स्कूलों में छ: सात बार चोरी हो चुकी है। सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद भी कार्यवाही न होने से चोरों के हौंसले बुलंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *