संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम डुबका निवासी 40 वर्षीय राजेश यादव पुत्र जगत सिंह ने रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार मृतक खेतीवाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करता था। रविवार को वह खेत पर काम करने गया था। खेत से वापस आकर उसने प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगा ली। जानकारी होने पर परिजनों ने आनन-फानन में नीचे उतारा और उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के तीन बच्चे राम 6 वर्ष, जयराम 4 वर्ष, रामसागर 3 वर्ष है। पत्नी खुशबू देवी व माता अनेकश्री आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर उप निरीक्षक संजय कुमार मौर्या पुलिस बल के साथ पहुंच गये और जांच पड़ताल की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *