दरोगा व सिपाहियों पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व युवक को छत से फेंकने का आरोप.

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। दरोगा पर घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़ व मारपीट कर गृहस्वामी को छत से फेंक देने का पीडि़ता ने आरोप लगाकर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगायी। थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर बैरागढ़ निवासी प्रभा पत्नी प्रेम सिंह ने थाने के दरोगा अमित कुमार तथा हमराह प्रमोद कुमार व अन्य पुलिस कर्मियों के अलावा विपक्षी चंद्रपाल सिंह पुत्र भारत सिंह, संजीव कुमार, सरवेंद्र कुमार, सर्वेश कुमार पुत्रगण चंद्रपाल, मनोज कुमार पुत्र भारत सिंह, उपेंद्र पुत्र मनोज कुमार निवासीगण पहाड़पुर बैरागर के खिलाफ एसपी को शिकायती पत्र दिया। जिसमें दर्शाया कि गांव के चंद्रपाल पुत्र भारत सिंह आदि से मामूली विवाद हो गया था। जिसकी शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी। 25 मई की रात्रि १० बजे दरोगा अमित कुमार अपने हमराह प्रमोद कुमार व अन्य सिपाही घर में घुस आये और पीडि़ता व उसकी देवरानी सुरभि के साथ अश्लील हरकतें कर छेड़छाड़ की। जब इसका विरोध किया तो दरोगा ने बेरहमी से पिटाई की तथा प्रेम सिंह को छत से नीचे फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से लोहिया रेफर कर दिया गया। थाने शिकायत करने पर वहां से भगा दिया गया। पीडि़ता ने फतेहगढ़ पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर परिवार की जानमाल की सुरक्षा व आरोपी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही कराकर न्याय दिलाने की गुहार लगायी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *