दवा लेने आई महिला बेहोश होकर ओपीडी के गेट पर गिरी, कर्मचारी भूले मानवता

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर बेहोश होकर गिरी महिला घंटों ओपीडी के गेट पर पड़ी रही, लेकिन किसी भी कर्मचारी की उस पर या तो नजऱें नहीं पड़ीं या फिर स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे नजरअंदाज करना ही उचित समझा, लेकिन जैसे ही मीडिया का कैमरा चला, तो देखते ही देखते स्वास्थ्य कर्मियों में हडक़ंप मच गया। तुरंत ही महिला डॉक्टर ने महिला को देखा और स्ट्रेचर लाकर महिला को इमरजेंसी में ले गए। जहां उसका उपचार किया गया।जानकारी के अनुसार नगर पंचायत शमसाबाद के मोहल्ला चौखंड़ा निवासी मीरा देवी उम्र लगभग 50 वर्ष सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमसाबाद में बुखार की दवा लेने गईं थी। पर्चा बनवाने के बाद महिला ने दवा ली और उसके बाद घर जाने के लिए जैसे ही ओपीडी के बाहर निकली, वैसे ही गेट पर बेहोश होकर गिर पड़ी। महिला काफी देर तक गेट पर अचेत अवस्था में पड़ी रही, लेकिन किसी भी स्वास्थ कर्मी ने महिला की तरफ ध्यान नहीं दिया। अचेत अवस्था में पड़ी महिला पर जैसे ही मीडिया कर्मी ने अपना कैमरा चलाया, तब कहीं जाकर स्वास्थ्य कर्मचारियों की नींद खुली। नींद से जागने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों में हडक़ंप मच गया। महिला डॉक्टर स्मिता त्रिपाठी वृद्ध महिला को देखने गेट पर पहुंचीं। कुछ स्वास्थ्य कर्मी स्ट्रेचर लेकर आए और महिला को इमरजेंसी में ले गए। जहां पर डॉक्टर ने उपचार शुरू किया। वहीं जब इस संबंध में डॉक्टर स्मिता त्रिपाठी से जानकारी की गई, तो उन्होंने बताया कि महिला का ब्लडप्रेशर बढ़ जाने के कारण महिला अचेत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *