नगर पालिका की लापरवाही, अभी तक नहीं शुरु हुई नाले की सफाई
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नाली व नालों की सफाई के लिए नगर पालिका हर साल लाखों रुपये खर्च करती है। उसके बावजूद भी शहर का प्रमुख नाला जो लालगेट से शुरु होकर लिंजीगंज, कछियाना, महाकाल मंदिर होते हुए अंगूरी बाग निकलता है उसकी हालत जूं की त्यूं बनी है। बरसात आने वाली है। नालों व नालियों की सफाई की गति धीमी होने के कारण बरसात होते ही गलियों व मकानों में पानी भर जाता है। नगर पालिका की लापरवाही के चलते हर वर्ष नालों व नालियों की सफाई का रोना बना रहता है। समय रहते प्रमुख नाला अगर साफ नहीं कराया जाता तो बरसात के दिनों में यह नाला उफना जाता है और लोगों के घरों में बदबूदार गंदा पानी घुस जाता है। इसकी चपेट में तलैया फजल इमाम, गंगानगर, कछियाना व अंगूरीबाग सहित कई मोहल्ले आ जाते है। बीते दो वर्ष पूर्व इस नाले की सफाई के लिए कानपुर से मशीन मंगवाई गयी थी। जिसका खर्चा लाखों में आया था। तत्कालीन ईओ रविन्द्र कुमार के प्रयास से इस नाले की सफाई हुई थी। उसके बाद लालगेट के मुख्य नाले की सफाई नहीं हुई है। दिखावा के लिए कुछ जगह नाले से कूड़ा निकाल लिया जाता है। बांकी जगहों पर नाले में गंदगी का अम्बार है। ऐसा ही नजारा लालगेट स्थित प्रमुख नाले में बना हुआ है।