दूल्हा बने श्रीराम को देखने उमड़े कस्बे के लोग, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा

भाजपा जिलाध्यक्ष ने भगवान गणेश का तिलक कर बारात को किया रवाना
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। श्री धार्मिक रामलीला मेला कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात नगर में धूमधाम से निकाली गई। रामबारात के दौरान भगवान की विभिन्न झांकियों ने लोगों का मनमोह लिया। डीजे के धुन पर भक्त खूब नाचते गाते रहे। श्रीराम बारात को कमेटी के अध्यक्ष बबलू शुक्ला व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने भगवान गणेश जी तिलक कर रवाना किया।
बारात में सबसे आगे बैंड बाजे वाले मधुर ध्वनि बिखेरते हुए चल रहे थे। बारात के साथ भगवान गणेश, शिव पार्वती, भगवान ब्रह्मा, माता दुर्गा और राधा कृष्ण समेत देवी देवताओं की झाकियां चल रहीं थीं। बारात में सबसे पीछे आकर्षक ढंग से सजे विशाल रथ पर श्रीराम अनुज लक्ष्मण के साथ विराजमान थे और सैकड़ों बाराती आगे-आगे नाचते-गाते बारात में शामिल हुए। जनकपुर में बारात का स्वागत भव्य तरीके से किया गया है। साथ ही सीता स्वयंवर, लक्ष्मण, परशुराम संवाद, राम जानकी विवाह, राम बारात व जानकी विदाई का इतना सजीव चित्रण प्रस्तुत किया कि दर्शकों की आंखें नम हो गईं। राम विवाह के लिए आकर्षक मंच बनाया गया। बारात जिधर से गुजरी उधर देखने वालों की भीड़ बढ़ती गई। जगह-जगह बारात के स्वागत के लिए तोरण द्वार बनाए गए। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया। बारात शाम सात बजे रामलीला मेला स्थल से शुरू हुई। नगर के सभी मोहल्ले व मंदिरों से होती हुई पुन: रात्रि करीब 12 बजे मेला स्थल पर जाकर संपन्न हो गई। बारात की व्यवस्था में रामलीला कमेटी के सभी सम्मानित पदाधिकारियों राजन मिश्रा, सुरेन्द्र सैनी, ओमशक्ति सैनी, रामू पाठक, निशांत गुप्ता, अभिषेक पांडे, महेश शाक्य, मोनू मिश्रा, नन्हें मिश्रा, राजेश कठेरिया, सुग्रीव शाक्य, सौरभ मिश्रा, सत्यवीर माथुर, आलोक राजपूत, रामेत वर्मा ने सहयोग किया। उधर सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या पुलिस फोर्स के साथ पूरे समय बारात के साथ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *