मेधावी छात्रा गौरी तिवारी बनी एक दिन के लिए सीडीओ

प्राप्त शिकायतों का निस्तारण करने के लिए अधिकारियों को किया निर्देशित
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मिशन शक्ति अभियान के तहत मेधावी छात्रा के एक दिन के लिए मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया। छात्रा का कहना है कि वह जज बनकर पीडि़त जनता को न्याय दिलाना चाहती है।
केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ में वर्ष 2024 में कक्षा 12 में विद्यालय से टॉप कर 94.60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली बालिका गौरी तिवारी पुत्री शैलेंद्रनाथ तिवारी निवासी मोहल्ला संगत फतेहगढ़ को एक दिन के लिए सांकेतिक मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया। जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह के निर्देश के क्रम में जनपद में मिशन शक्ति विशेष अभियान फेस-5 के अंतर्गत बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक दिन के सांकेतिक अधिकारी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में एक दिन की मुख्य विकास अधिकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य यह है कि बालिकाओं को इन पदों पर कार्यरत होकर कैसे पदगत दायित्व का निर्वहन किया जाता है इसके प्रति जागरूकता पैदा करना है। जिसके फलस्वरुप उन्हें देश के प्रदेश के संवैधानिक व प्रशासनिक पदों पर पहुंचने की प्रेरणा मिले।
मीडिया के सवालों के जवाब में गौरी तिवारी ने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को अपने लक्ष्य को निर्धारित करना चाहिए और दिन रात उसी क्रम में तैयारी करनी चाहिए। जिससे वह सफल हो सके। कुछ लोग जो सच्चे मन से तैयारी नहीं करते हैं वहीं असफल रह जाते हैं। गौरी तिवारी ने बताया कि वह पहले तो एडवोकेट और उसके बाद जज बनना चाहती है और जनता की सेवा करना चाहती है। उन्होंने कार्यालय में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि बालिका गौरी तिवारी बहुत ही होनहार छात्रा है और उसका लक्ष्य निर्धारित है कि वह जज बनना चाहती है। सीडीओ ने गौरी तिवारी का परिचय परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों से कराया तथा बालिका को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *