एफ0एस0डी0ए0 ने मारा छापा, 1388 लीटर सरसों का तेल किया सीज

फर्रुखाबाद,समृद्धि न्यूज। नगर मजिस्ट्रेट एवं सहायक आयुक्त खाद्य के नेतृत्व में चलाये गये छापामार अभियान में एक व्यापारी के यहां से सरसों के तेल का नमूना भरा गया। साथ ही शेष तेल को सीज कर दिया गया। छापामार अभियान से व्यापारियों में हडक़ंप मच गया। वहीं अधिकारियों ने कहा कि छापामार अभियान जारी रहेगा। मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।

आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराये जाने के लिए मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारीके आदेश के अनुपालन में नगर मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र एवं सहायक आयुक्त खाद्य सय्यद शाहनवाज हैदर आबिदी के नेतृत्व में पुलिस बल कोतवाली फर्रुखाबाद के साथ मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय व खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण बिजेन्द्र कुमार, डा0 शैलेन्द्र रावत, विमल कुमार, अरूण कुमार मिश्र व आशीष कुमार वर्मा द्वारा कई प्रतिष्ठानों पर छापे मारे गये। जिसमें लिजीगंज (गणेश प्रसाद स्ट्रीट) स्थित विशाल गुप्ता उर्फ राजू पुत्र सुरेश चन्द्र गुप्ता के खाद्य प्रतिष्ठान मेसर्स ओम सांई ट्रेडर्स से खाद्य पदार्थ सरसों का तेल के 02 नमूने जाँच हेतु संग्रह किये गये। नमूना संग्रह के उपरान्त शेष बचे कुल 1388 लीटर सरसों का तेल जिसका अनुमानित मूल्य रूपया 1,45,740 हैं को नियमानुसार सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *