सरस्वती विद्या मंदिर में मनाया गया कारगिल विजय दिवस

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज श्याम नगर में प्रात: वंदना में कारगिल विजय दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आरंभ अतिथियों एवं प्रधानाचार्य द्वारा वीर शहीदों के चित्रों पर पुष्पार्चन कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेना से अवकाश प्राप्त सैनिक अनिल कुमार तिवारी, शिवम मिश्र ने कारगिल विजय दिवस के बारे में सभी छात्र-छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि हर साल 26 जुलाई को भारत में करगिल विजय दिवस मनाया जाता है। करगिल युद्ध में शहीद भारतीय सैनिकों के बलिदान और शौर्य को याद किया जाता है। यह युद्ध जम्मू-कश्मीर के करगिल जिले में मई और जुलाई 1999 के बीच हुआ था। इस युद्ध में भारतीय सेना के जवानों ने अदम्य साहस दिखाया और दुश्मनों की धूल चाट दी थी। कार्यक्रम में विद्यालय के भैय्या बहिनों ने एक नाटक और अपने अपने भाषण एवं गीत प्रस्तुत किए। शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकृष्ण बाजपेई ने भैया-बहिनों को संबोधित करते हुए कहा भारतीय सेना ने जम्मू कश्मीर के करगिल में पाकिस्तानी सेना को हराया था, लेकिन इस युद्ध में भारत ने अपने 527 जवानों को खो दिया था, जबकि 1363 जवान घायल हुए थे। भारतीय जवानों ने इस युद्ध में अपने खून का आखिरी कतरा देश की रक्षा के लिए न्यौछावर कर दिया था। इन जांबाजों के शौर्य की कहानियां आज भी हमें गर्व महसूस करवाती हैं। कार्यक्रम के संयोजक संदीप सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र सिंह यादव ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अनिल तिवारी, प्रधानाचार्य रामकृष्ण बाजपेई, प्रधानाचार्य नारायण मिश्रा, शिक्षक रामानुज अग्निहोत्री, शिवम दुबे, रितेश प्रजापति आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *