
*डीएम व एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
फर्रुखाबाद समृद्धि न्यूज। नगर निकाय चुनाव कराने के लिए सातनपुर मंडी से 483 पोलिंग पार्टियों को जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह के निर्देशन में रवाना किया गया। सातनपुर मंडी में बनाये गये मतगणनास्थल के अलावा यहीं से कल 11 मई को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। अपर जिलाधिकारी/ उप निर्वाचन अधिकारी सुभाषचंद्र प्रजापति की देखरेख व निर्देशन में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। सुबह से ही सातपुर मंडी में मतदान कर्मियों की आवाजाही लगी रही। देर शाम तक नगर पालिका व नगर पंचायतों के चुनाव सम्पन्न कारने के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार नगर निकाय चुनावों के चलते 11 मई को सुबह 7 बजे से मतदान शुरु होना है। मतदान की लगभग तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। वैलट पेपर से मतदान की व्यवस्था के चलते पोलिंग पार्टियों में शामिल कर्मियों को बूथों पर वोटों की संख्या के आधार पर मतपत्र उपलब्ध कराये गये। इसके अलावा अन्य सामग्री व मत पेटिकायें लेकर रवाना किया गया। सातनपुर मंडी के विशाल परिसर में सैकड़ों की तादात में मतदानकर्मी जुटे। जिन्हें मतदान कराने के लिए डियूटी पर लगाया गया है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने पहुंचकर मंडी का जायजा लिया व सुरक्षा व्यवस्था को परखा। नगर मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव, उप जिलाधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारियों ने मौजूद रहकर पोलिंग पार्टियों को रवाना करवाया। नगर पालिका व नगर पंचायतों में चेयरमैन व सभासद पद के लिए अलग-अलग रंग के मत पत्र दिये गये। पूरे दिन सातनपुर मंडी ले पोलिंग पार्टियां रवाना होती रहीं। जो पोलिंग पार्टियां नहीं पहुंचीं उनके विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी।