Headlines

सामाजिक विज्ञान में 8वीं कक्षा का छात्र हुआ फेल, फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली

अपने मां-बाप का था इकलौती संतान

मार्च आते ही परीक्षा परिणामों का वक्त आ जाता है। इस वक्त तमाम क्लासों के परिणाम घोषित होते हैं और बच्चे पास होकर नई कक्षाओं में जाते हैं। हालांकि यही वो समय है जब कई बच्चे ऐसे होते हैं जो एग्जाम्स में अच्छा न कर पाने की वजह से फेल हो जाते हैं और यह दबाव वो झेल नहीं पाते और घातक कदम उठा लेते हैं। ऐसा ही एक मामला फरीदाबाद के सेक्टर 31 से सामने आया है। यहां एक आठवीं क्लास के छात्र ने एक सबजेक्ट में फेल होने पर आत्महत्या कर ली।
हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक निजी स्कूल के आठवीं कक्षा के छात्र ने एक विषय में फेल होने के बाद फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र अपने परिजन की इकलौती संतान था। जिले के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस मामले की अधिक जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 31 का रहने वाला छात्र सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में फेल हुआ था।

कमरे में खुद को किया बंद

आठवीं परीक्षा के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए थे। इसके बाद से वह तनाव में था। अधिकारियों ने कहा कि स्कूल से लौटने पर लड़के ने पहली मंजिल पर अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया और जब देर शाम तक वह बाहर नहीं आया तब उसकी मां देखने के लिए ऊपर गईं।

फांसी के फंदे पर झूल कर दी जान

उन्होंने कहा कि दरवाजा बंद पाकर मां ने कमरे के पीछे से जाकर देखा तो लड़के को लटका हुआ पाया। बेटे को फांसी के फंदे पर झूलते हुए देखा तो वह सन्न रह गईं। घर में चीख-पुकार मच गई। बेटे को फंदे पर लटका देख मां की चीख निकल गई। मां के शोर मचाने के बाद आसपास लोग इकट्ठा हो गए। फोन करके पिता जितेंद्र को घटना की जानकारी दी। लोगों ने मिलकर अंश को फंदे से उतारा। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सेक्टर-31 थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र के पास किसी भी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *