शस्त्र फैक्ट्री पकडऩे गयी बदमाशों व पुलिस के बीच फायरिंग

दो बदमाश व एक सिपाही गोली लगने से घायल, सीएचसी में भर्ती
कंपिल, समृद्धि न्यूज। शस्त्र फैक्ट्री के मामले में वांछित चल रहे अपराधियों को पकडऩे गयी पुलिस पर आरोपितों ने फायरिंग कर दी। जबाबी फायरिंग में दो बदमाशों के गोली लग गयी। जबकि एक सिपाही घायल हो गया। घायलों को इलाज के लिए लोहिया में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार कंपिल थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसा में शुक्रवार देर रात फरार चल रहे बदमाश राहुल पुत्र जयनंदन और कासगंज जिले के थाना सोरों के गांव मनिकापुर निवासी उसकी बुआ के पुत्र स्वदेश पुत्र रघुराज और उसके चाचा विनोद की तलाश में थानाध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने पुलिस बल के साथ आरोपित के घर पर दबिश दी। पुलिस का बदमाशों से आमना सामना हो गया। फरार चल रहे राहुल उर्फ रामभजन, स्वदेश और विनोद को पुलिस ने घेर लिया। अपने आप को पुलिस से घिरता देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोली लगने से सिपाही धर्मेंद्र गुर्जर घायल हो गया। अन्य साथी बाल-बाल बच गए। मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों राहुल व स्वदेश को दबोच लिया। तीनों घायलों को पहले कायमगंज सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने दोनों घायल बदमाशों समेत सिपाही को जिला अस्पताल लोहिया के लिए रेफर कर दिया। दरोगा शिव बहादुर सिंह ने पुलिस बल के साथ घायल बदमाशों और सिपाही को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया। दोनों आरोपितों राहुल उर्फ रामभजन के खिलाफ पांच व स्वदेश के खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित स्वदेश जनपद कासगंज में वांछित चल रहा है।आरोपितों के पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *