फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दोस्तों के साथ गंगा नहाने गया युवक अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। उसकी काफी तलाश की गयी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
जानकारी के अनुसार बुधवार को भीषण गर्मी के चलते थाना कादरी गेट के ग्राम नरायनपुर निवासी 18 वर्षीय ऋतिक पुत्र रिंकू सिंह सुबह 9 बजे अपने दोस्तों के साथ पांचाल घाट पर गंगा नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक ऋतिक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जिस पर उसके दोस्त चीखने चिल्लाने लगे। घटना की सूचना चौकी पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज अमित शर्मा ने गोताखोरों को बुलाकर ऋतिक की तलाश करवायी, लेकिन उसका कोई अता पता नहीं चला। फिलहाल गोताखोर ऋतिक की तलाश में जुटे है। घटनास्थल पर ऋतिक के परिजन भी पहुंच गये। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।