पहले युवक, बाद में उसकी चचेरी बहन फांसी पर झूली

ग्रामीण तरह-तरह के लगा रहे कयास, पुलिस जांच में जुटी
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। युवक ने बीती रात कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब इसकी सूचना मृतक के चाचा की पुत्री को हुई, तो उसने भी अपने घर जाकर कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीण घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। घटना की सूचना फॉरेंसिक टीम को दी गयी।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम गुडेरा निवासी 22 वर्षीय जयवीर पुत्र रामकृष्ण दिल्ली में नौकरी करता था। वह बीते दो माह पूर्व ही अपने गांव आया था। बीती रात वह कमरे में सोने चला गया। काफी रात तक वह मोबाइल चलाता रहा। सुबह जब परिजनों ने उसका दरवाजा खटखटाया तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आशंका के चलते दरवाजा तोडक़र देखा, तो जयवीर का शव पंखे के कुंडे में फांसी पर झूल रहा था। परिजनों ने शव नीचे उतारा। मृतक की माँ कुसमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पिता रामकृष्ण ने बताया कि मृतक तीसरे नंबर का था। युवक के फांसी लगाने की बात पूरे गांव में फैल गई। जब इसकी जानकारी मृतक के सगे चाचा बृजेश की 18 वर्षीय पुत्री देवकी को हुई, तो उसने घटनास्थल पर पहुंचकर जयवीर को मृत देखा तो वह वापस अपने घर के कमरे में गई और फांसी के फंदे पर झूल गई। देवकी की मौत और साथ में उसके ताऊ के लडक़े की मौत लोगों के बीच में चर्चा का विषय बन गई। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। थानाध्यक्ष मिनेश पचौरी ने बताया कि पुलिस को मामले की कोई सूचना नहीं दी गयी। पुलिस सूत्रों के आधार पर प्राप्त सूचना के तहत घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *