गणेश विसर्जन यात्रा में उमड़ा आस्था का जन सैलाब

जगह-जगह हुआ गणपति बप्पा का पूजन व आरती
कई जगह गणपति महाराज के ऊपर की गई पुष्प वर्षा
जगह-जगह लगे पानी के स्टाल व खाने-पीने के लंगर
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। गणपति विसर्जन यात्रा में भक्तों का भारी जनसैलाब उमड़ा। जिससे सडक़ें सकरी पड़ गयीं। यात्रा में जगह-जगह पुष्पवर्षा की गयी। इस दौरान उड़ रहे अबीर गुलाल से सडक़ें लाल हो गयीं। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल यात्रा के दौरान मौजूद रहा। देर शाम पांचाल घाट पर पहुंचकर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान भक्तों ने गणपति बप्पा मोरया अगले वर्ष तू जल्दी के उद्घोष गुंजायमान किये।
जानकारी के अनुसार कमालगंज क्षेत्र की विसर्जन यात्रा पूरे जनपद में भारी भीड़ के मद्देनजर जानी जाती है। शायद मिनी मुंबई इसीलिए कमालगंज को बोला जाता है कि यहां पर जो भीड़ का नजारा होता है वह बहुत ही ज्यादा संख्या में होता है। जिसकी गिनती करना भी मुश्किल हो जाता है। आस्था का जन सैलाब देखकर प्रशासन अलर्ट पर रहता है। अगर इस बार की मानें तो हर बार की अपेक्षा इस बार अत्यधिक भीड़ ने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। भीड़ को नियंत्रित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। यात्रा के दौरान एसडीएम सदर रजनीकांत तथा सीओ अमृतपुर रविंद्र नाथ राय, थाना अध्यक्ष रणविजय सिंह के अलावा प्रशासन को कई बटालियन कंपनी पीएसी भी लगानी पड़ी। इस दौरान ड्रोन कैमरे को भी लगाया गया था। वहीं गणेश विसर्जन के दौरान गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष की तरफ से भी भीड़ को काबू करने के लिए काफी लोगों को लगाया गया था। बताते चले विसर्जन के समय बप्पा को अंतिम विदाई देने के लिए महिलाओं की संख्या भी इतनी ज्यादा मात्रा में हो गयी कि सडक़ छोटी पड़ गयी। महिलायें तपस्वी वाले मंदिर तक गयीं और वहां से वापस लौट गयीं।
इस मौके पर कई जगह भोग व प्रसाद का वितरण भी किया गया। जिसके चलते कई जगह भंडारा चलता रहा। जहां भक्तगणों ने प्रसाद छका और शीतल जल पिया। भक्तगण गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते चल रहे थे। इस बार कमेटी ने कुछ खास इंतजाम किये। जिसमें डमरू, मजीरा, करताल, तोरई और ढोल नगाड़ों की अनुपम झांकी भी देखने को मिली। वहीं सभी भक्ति डीजे की धुन पर थिरकते नजर आ रहे थे। पूरा नगर गणपति बप्पा मोरया अबके बरस तू जल्दी आ के जयकारों से गुंजायमान रहा है। इस मौके पर गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता, अनूप गुप्ता, गौरव गुप्ता, राहुल गुप्ता, राघव शुक्ला, शिवम शुक्ला, अजय उर्फ कल्लू महेश्वरी, सुरेश चंद्र गुप्ता, अरुण उर्फ टेशु गुप्ता, सानू गुप्ता सहित सभी कमेटी के मेंबर तथा आचार्य रोहित कुमार व्यास, लक्ष्मीकांत आदि सभी पुरोहित व बड़ी संख्या में गणपति महाराज के भक्तगण मौके पर मौजूद रहे। भगवान गणेश का ग्यारह दिन लगातार पूजन अर्चन होने के बाद ११वें दिन यह यात्रा नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए पांचाल घाट के लिए रवाना होती है। जहां पांचाल घाट में गणेश प्रतिमा को भू-विसर्जन किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *