सिलेंडर चेक करते समय लगी आग, झोपड़ी जलकर हुई राख.

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। गैस सिलेंडर चेक करते समय अचानक लगी आग से गरीब का झोपड़ी नुमा मकान जलकर राख हो गया। जिससे हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने नलकूप चलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला इमादपुर थमरई निवासी राम सागर पुत्र सुआ लाल कश्यप शनिवार 2.30 बजे के करीब बाजार से गैस सिलेंडर लेकर आया था। जिसे घर पर माचिस जलाकर चेक कर रहा था, तभी सिलेंडर ने आग पकड़ ली। आग लगते ही घर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आग लगने की सूचना पाते ही घर परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई।
चीख पुकार की आवाज पर आसपास मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई। लोगोंं ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और गरीब का आशियाना जलकर गया। जिसके अंदर रखी चारपाई, रजाई गद्दा, बिस्तर, कपड़े, राशन तथा 2000 की नकदी भी जलकर राख हो गई। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। जिस पर थानाध्यक्ष शमशाबाद मनोज कुमार भाटी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटना की जांच पड़ताल की। पीडि़त गृहस्वामी के अनुसार आगजनी की घटना में लगभग 15000 का नुकसान होना बताया गया है। आगजनी की घटना की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। वहीं समाचार लिखे जाने तक कोई भी अधिकारी कर्मचारी मौके पर जांच करने नहीं पहुंचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *