युवक ने शीशम के पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाकर दी जान, परिवार में कोहराम

पुलिस तथा फील्ड यूनिट टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। परिजनों से हुए विवाद के बाद दो दिन गायब चल रहे युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व फील्ड यूनिट की टीम ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रोशनाबाद निवासी विपिन कुमार पुत्र कालीचरन उम्र २८ वर्ष का शव शनिवार की सुबह गांव से लगभग १ किलोमीटर दूर रोशनाबाद गोविंदापुर के मध्य स्थित रोशनाबाद निवासी ग्रामीण राजेश कुमार पुत्र जगराज के खेत की मेड़ पर शीशम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर झूलता पाया गया। बताया गया है मृतक पिछले दो दिनों से घर से नाराज होने के कारण गुम चल रहा था। चिंतित परिजन उसकी खोजबीन में लगे हुए थे। शनिवार की सुबह युवक विपिन कुमार का शव ग्रामीण राजेश ने शीशम के पेड़ पर फांसी से लटका देखा। जिससे वह घबरा गया। उसने तुरंत गांव जाकर घटना की जानकारी मृतक के परिजनों व ग्रामीणों को दी। जिससे मौके पर परिजन व ग्रामीण पहुंच गये। परिजनों ने मृतक की पहचान अपने पुत्र के रूप में की। एघटना की जानकारी डायल ११२ पर कॉल कर पुलिस को दी गई। जिस पर फैजबाग पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल करते हुए सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना के बाद आई फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर मृतक की मां मीना देवी बेटे के शव पर बुरी तरह से बिलख रही थी। मृतक की मां ने बताया उसके चार पुत्र थे। चार पुत्रों में मृतक विपिन कुमार बड़ा था। छोटे पुत्रों में नितिन, निखिल तथा आशीष हैं। परिजनों ने बताया युवक २ दिन से नाराज था और घर से गुम चल रहा था। परिजनों ने बताया कि मृतक का कुछ समय से मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। उधर ग्रामीणों की मानें तो बताया जा रहा है मृतक शराब पीने का आदी था। फिलहाल पुलिस का यह भी कहना था मृतक परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *