यूपी की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके के ईंट गांव के पास शुक्रवार रात को दो युवकों की गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोनों युवक दावत में जाने के लिए बाइक से निकले थे। रास्ते में खुर्रमपुर पावर हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोककर वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन परिजनों के साथ बहस के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विवाद बढ़ने पर धक्का-मुक्की भी हुई, हालांकि पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीती रात डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। लखनऊ के ग्रामीण इलाके के काकोरी में ये वारदात हुई है। पुलिस ने बताया कि काकोरी में गला रेतकर दो युवकों की हत्या कर दी गई। एक मृतक की पहचान पंखेड़ा गांव के रहने वाले मनोज के रूप में हुई है, जो आईटीआई का छात्र था।
दोनों का धारदार हथियार से काटा गया गला
इसके साथ ही पुलिस ने कहा कि दूसरे मृतक की पहचान रोहित लोधी के रूप में हुई है। वह रेलवे में नौकरी करता था। पुलिस ने कहा कि मनोज और रोहित दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है। दोनों को गला धारदार हथियार से काटा गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
स्थानीय लोगों में डर का माहौल
काकोरी इलाके में डबल मर्डर की वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस मामले में आरोपियों को तुरंत पकड़ने की बात कही है। वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई। पुलिस ने मामले की छानबीन भी शुरू कर दी है।
परिजनों ने पुलिस पर उठाए सवाल
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। हालांकि, परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि व्यस्त रहने वाली सड़क पर हुई इस नृशंस हत्या के बारे में पुलिस को समय पर जानकारी क्यों नहीं मिल पाई।