Headlines

नगर पालिका बोर्ड की बैठक में 136.3 करोड़ का बजट पास

हाउस टैक्स, वाटर टैक्स के अलावा सफाई व्यवस्था का उठा मुद्दा
बैेठक में आवारा पशुओं को पकड़वाने की भी उठायी गयी मांग
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक चेयरमैन वत्सला अग्रवाल की अध्यक्षता में टाउनहाल स्थित नगर पालिका सभागार में सम्पन्न हुई। जिसमें 136.03 करोड़ का विकास कार्यों एवं आवश्यक सेवाओं हेतु बजट पास हुआ। बजट में विकास कार्यों के लिए व्यय होने वाली धनराशि 49.50 करोड़ एवं वेतन एवं आवश्यक सेवाओं में व्यय होने वाली धनराशि के लिए 86.53 करोड़ का बजट बोर्ड की बैठक में पास हुआ। सर्वसम्मति से 42 सभासदों में से 37 सभासदों ने बजट पास होने पर सहमति दी। बजट में विकास कार्यों के लिए सभी सभासदों ने अपनी सहमति प्रदान करते हुए मंजूरी दी। कुछ कार्यों को लेकर सभासदों ने अलग से प्रस्ताव रखे। सभासद मृदुल कटियार ने सफाई व्यवस्था व कर्मचारी कम होने की बात उठायी। चेयरमैन वत्सला अग्रवाल ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कार्य अप्रैल माह में शुरु हो रहा है। अब वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर समस्या नहीं होगी। इसको लेकर लोगों से सुझाव लिये जा रहे हैं। साथ ही सभासद धर्मेंद्र कनौजिया ने वाटर व हाउस टैक्स बढ़ाये का विरोध करते हुए भ्रम की स्थिति दूर करने की बात कही। सभासद ने कहा कि एक मकान का 10 हजार आ रहा है, साथ ही पड़ोसी के मकान का 500 रुपये आ रहा है। इससे लोगों में भ्रम है। लोगों का सर्वे किया जाये और लोगों के प्रार्थना पत्र लेकर सर्वे कराकर उचित हाउस टैक्स व वाटर टैक्स लिया जाये। धर्मेंद्र कनौजिया ने कहा कि हर वार्ड मेें एक से दो वाटर कूलर अवश्य लगाये जायें। साथ ही स्ट्रीट लाइटों की संख्या बढ़ायी जाये। सभासद नौशाद मंसूरी ने कहा कि जो लोग अनावश्यक जल बर्बाद करते हैं उन पर जुर्माना लगाया जाये। साथ ही उन्होंने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी कबाड़े को बेच देते हैं और उन्हीं पैसे से नशा आदि का सेवन करते हैं। ऐसे में निगरानी की जाये। चेयरमैन ने कहा कबाड़े का टेंडर होगा और उसकी नीलामी की जायेगी। सभासद रफी अंसारी ने कहा कि अम्बेडकर प्रतिमा लगने जा रही है। उसके पास से शराब का ठेका हटाया जाये। इओ ने कहा कि इस संबंध में आबकारी अधिकारी से बात करेंगे। वत्सला अग्रवाल ने कहा कि 1972 के बाद हाउस टैक्स वाटर टैक्स बढ़ाया जा रहा है। जिन लोगों को समस्या है उनकी समस्या का समाधान होगा और सर्वे के आधार पर कम भी किया जायेगा। कच्चे मकानों को हाउस टैक्स व वाटर टैक्स से मुक्त रखा जायेगा। वार्ड नंबर २५ की सभासद सुनीता बाजपेई ने आवारा पशुओं की समस्या उठायी। जिससे बच्चे घायल हो जाते हैं, उन पशुओं को शीघ्र पकड़वाया जाये। ईओ ने कहा कि अभियान चलाकर आवारा पशुओं को पकड़ा जायेगा। सभासद अनीता कनौजिया ने कहा मेरे पति नवनीत कनौजिया को द्वेष भावना के चलते फंसाया गया है, जबकि दूसरा कर्मचारी निलंबित होने के बाद बहाल हो गया। मेरे पति नवनीत को अभी तक बहाल नहीं किया गया है। ऐसे में मेरे सामने आर्थिक समस्या उत्पन्न हो रही है। कोई भी अनहोनी होती है, इसके जिम्मेदार पालिका के लोग होंगे। वत्सला अग्रवाल ने कहा कि ऐसी समस्या सदन में नहीं उठायी जाती है, अकेले में आकर अपनी बात रख सकती हैं। सभासद असलम अंसारी ने कहा कि चौक की तर्ज पर लिंजीगंज के दोनों गेटों का सौंदर्यीकरण किया जाये। विभिन्न क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए बोर्ड की बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को पास किया गया। इस मौके पर अधिशाषी अधिकारी विनोद कुमार के अलावा नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी एवं सभासद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *