शिक्षा व्यवस्था बेपटरी, सरकार गिना रही अपनी उपलब्धियां
क्या ऐसे ही उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का सपना होगा साकार
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। सरकार भले ही अपने कार्यकाल के आठ साल पूरे होने पर अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन आज भी हकीकत कुछ और ही है। जो छिपाये से नहीं छिपती है। शिक्षा व्यवस्था को ही ले लिया जाये, तो आज शिक्षा व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। बच्चे कहीं स्कूलों में झाड़ू लहा रहे हैं, कहीं शौचालय साफ कर रहे हैं, तो कहीं फावड़ा चलाते दिख रहे हैं। क्या ऐसे ही हालातों में सरकार उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का सपना संजो रही है।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पूरनपुर के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों से फावड़ा चलवाते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो से खलबली मच गयी। जबकि प्रधानाध्यापक मनोज वर्मा के चेहरे पर जरा भी सिकन नहीं है। जिन बच्चों के हाथ में कलम किताब होनी चाहिए उन बच्चों के हाथ में प्रधानाध्यापक ने फावड़ा दे दिया। क्या यही है भारत के कल का भविष्य। ऐसे प्रधानाचार्य के खिलाफ विभाग को सख्त से सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। जिससे भविष्य में दोबारा प्रधानाचार्य बच्चों से काम करवाने की हिमाकत न कर सकें। वहीं ग्राम प्रधान सोनपाल सिंह द्वारा कहा गया अगर ऐसा प्रधानाध्यापक द्वारा किया गया है, तो उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं बच्चों के अभिभावकों ने भी प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग बीएसए से की है।
देश का भविष्य कहे जाने बच्चे स्कूल में चला रहे फावड़ा
