राजेपुर, समृद्धि न्यूज। तेज रफ्तार बाइकों की आमने सामने भिड़ंत में दंपति व उनका पुत्र घायल हो गये। तीनों को पास के खैराती अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्रदीप की हालत गंभीर होने पर उसे बाहर के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र के निवासी प्रदीप पुत्र विजयपाल जैथरा से अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज़ रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में प्रदीप के साथ उनकी पत्नी सोनीश्री और बेटा प्रियांशु भी घायल हो गए। हादसे में प्रदीप को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी और बच्चा भी चोटिल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्रदीप की हालत गंभीर देखते हुए उसे बाहर के लिए रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज़ गति में थीं। जिससे टक्कर इतनी भीषण हो गई कि तीनों लोग सडक़ पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंच चुके हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सडक़ पर यातायात नियमों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
बाइकों की भिड़ंत में दंपति व पुत्र घायल
