Headlines

जिलाधिकारी ने सडक़ सुरक्षा पखवाड़ा का किया शुभारंभ

परिवहन विभाग के प्रचार वाहन को दिखायी हरी झंडी
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज।
कलेक्ट्रेट सभागार में विधायक कायमगंज डॉक्टर सुरभि, जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार सिंह तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में द्वितीय सडक़ सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। द्वितीय सडक़ सुरक्षा पखवाड़ा 15 दिसंबर 2023 से 31 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।
विधायक डॉक्टर सुरभि गंगवार ने जनपद में हो रही सडक़ दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी जागरूकता एवं प्रवर्तन कार्यवाही पर जोर दिया तथा सभी अधिकारियों को सडक़ सुरक्षा के संबंध में किसी भी राजनीतिक दबाव में न आने व निर्भीकता से कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया। विधायक व जिलाधिकारी द्वारा परिवहन विभाग के सडक़ सुरक्षा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया। इस प्रचार वाहन द्वारा जनपद के विभिन्न स्थानों पर ऑडियो के माध्यम से सडक़ सुरक्षा के नियमों का प्रचार प्रसार किया जाएगा। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह द्वारा बैठक में उपस्थित परिवहन विभाग, परिवहन निगम, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मुख्य सचिव के पत्र के साथ संलग्न कार्यक्रम के अनुसार सडक़ सुरक्षा कार्यक्रम आपसी समन्वय से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी द्वारा आह्वान किया गया कि हमें सडक़ सुरक्षा पखवाड़े में शून्य दुर्घटना का लक्ष्य प्राप्त करना है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र द्वारा सभी प्रतिभागियों से जन जागरूकता के माध्यम से दुर्घटनाओं में कमी लाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में वर्ष 2023 में 343 सडक़ दुर्घटनाएं घटित हुई है ंजिनमे 170 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 234 व्यक्ति घायल हुए। वर्ष 2022 की तुलना में वर्ष 2023 में दुर्घटनाओं की संख्या में 2 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि मृतकों की संख्या में 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है तथा घायलों की संख्या में एक प्रतिशत की कमी हुई है। शासन के निर्देशानुसार सडक़ दुर्घटना एवं दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में 50 प्रतिशत की कमी ले जाने हेतु सडक़ सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। एआरटीओ प्रशासन वी0एन0 चौधरी द्वारा सभी प्रतिभागियों से सडक़ सुरक्षा के नियमों का अनुपालन करने की भावनात्मक अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *