पत्नी और बेटे को किया बेघर, न्याय के लिए भटक रही महिला
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महावीरगंज में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। बड़े भाई ने छोटे भाई के मकान पर कब्जा करने के बाद उसकी हत्या कर दी। मृतक की पत्नी ने जेठ पर पति की हत्या कर मकान हड़पने और बेटे सहित उसको बेघर करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतक की पत्नी का कहना है कि वह इलाज के लिए मायके गई थी। जहां उसका ऑपरेशन हुआ। इसी दौरान उसके जेठ ने उसके पति पर दबाव डालकर मकान का बैनामा अपने नाम करा लिया। इसके कुछ ही दिनों बाद पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, लेकिन इसकी सूचना भी महिला को नहीं दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि पति की हत्या के बाद उसके जेठ ने गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया। जब उसे घटना की जानकारी मिली तो उसने थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। महिला का कहना है कि उसका जेठ राजनीतिक रसूखदार लोगों से जुड़ा है। जिसके कारण पुलिस भी उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। महिला ने बताया कि जब वह अपने मायके से लौटी, तो जेठ ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और उसके बेटे समेत घर से बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं घर में रखा सारा सामान भी हड़प लिया। महिला ने पहले कोतवाली पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से भी न्याय मांगा, लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। जब हर जगह से महिला को न्याय नहीं मिला तो उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। महिला ने फर्रुखाबाद कोतवाली प्रभारी राजीव पांडे पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पुलिस गवाहों पर दबाव बना रही है, ताकि वे उसके पक्ष में गवाही न दें। अब यह महिला अपने छोटे बच्चे के साथ दर-दर भटक रही है और न्याय की उम्मीद में सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन की उदासीनता के चलते आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर मकान पर किया कब्जा
