Headlines

बेलहा-बेहरौली तटबन्ध का जल शक्ति मंत्री ने किया निरीक्षण

  • राहत व बचाव कार्य में धन की कमी आड़े नहीं आएगी
  • बाढ़ को लेकर प्रदेश सरकार संवेदनशील

बहराइच समृद्धि न्यूज़: जलशक्ति मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह विकास खण्ड फखरपुर अन्तर्गत ग्राम बौण्डी पहुंचकर घाघरा नदी के बांये तट पर स्थित बेलहा-बेहरौली तटबन्ध के कि.मी. 55.700 पर निर्मित स्पर की सुरक्षा कार्य की परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरयू ड्रेनेज खण्ड के प्रमुख अभियन्ता संदीप कुमार ने बताया कि घाघरा नदी के बायें तट पर स्थित बेलहा-बेहरौली तटबन्ध की कुल लम्बाई 95.00 कि.मी. है। तटबन्ध के कि.मी. 55.700 पर निर्मित स्पर नम्बर 01 की सुरक्षा हेतु रू. 375.05 लाख की लागत से कटान रोधी कार्य कराया गया है। इस कार्य से बौण्डी सिलौटा, बेहटा, चूड़ामणि, रानीबाग, छत्रपुरवा, तारापुरवा आदि ग्राम पंचायत की 8700 की जनसंख्या लाभान्वित होगी वहीं 6690 हेक्टेयर कृषि भूमि की सुरक्षा होगी। प्रमुख अभियन्ता श्री कुमार ने बताया कि तटबन्ध के ग्राम समूह कोढ़वा, करैहना एवं पिपरी की कटान से सुरक्षा हेतु रू. 447.80 लाख की लागत से कटान रोधी कार्य कराया गया है। यह कार्य पूर्ण हो चुका है। इस परियोजना से जहां 7600 की जनसंख्या लाभान्वित होगी वहीं 6375 हेक्टेयर कृषि भूमि की सुरक्षा होगी। जल शक्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ को लेकर अत्यन्त संवेदनशील है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बाढ़ प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ बाढ़ पूर्व की गई तैयारियों की समीक्षा की जा चुकी है। इसके अलावा बाढ़ के लिए नामित नोडल अधिकारी भी क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं। तटबन्धों की सुरक्षा के लिए सभी परियोजनाएं पूर्ण कर ली गई है। संभावित बाढ़ के दौरान तटबन्धों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उचित स्थानों पर डम्प कर ली गई है। बाढ़ के दौरान जन-धन की हानि को न्यून से न्यूनतम करने के लिए सरकार द्वारा पुख्ता प्रबन्ध किये गये हैं। बाढ़ प्रभावित जनपदों के अधिकारियों को संभावित बाढ़ के दृष्टिगत पूरी सजगता व सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये हैं। बेलहा-बेहरौली तटबन्ध के निरीक्षण के दौरान जल शक्ति मंत्री ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित रूप से भ्रमणशील रहकर तटबन्धों का जायज़ा लेते रहे। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाय कि रेन कट की आवश्यक मरम्मत भी करते रहें। श्री सिंह ने कहा कि बाढ़ के दौरान आपदा व राहत कार्यों के संचालन में धन की कमी आड़े नहीं आयेगी। बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जायेगी। जलशक्ति मंत्री श्री सिंह ने प्रभारी डीएम रम्या आर व तहसील प्रशासन के अधिकारियों से राहत व बचाव कार्यों के लिए की गई तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि आपदा के समय पीड़ितजन को त्वरित मदद पहुंचाई जाय। राहत कार्यों के संचालन में धन की कमी आड़े नहीं आयेगी।
तटबन्ध के निरीक्षण के दौरान जल शक्ति मंत्री श्री सिंह ने मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना अन्तर्गत ग्राम सिदधा, दरियापुर कला एवं रामापुर किन्धौली के लाभार्थियों प्रागदत्त, मुनऊ, करमचन्द, बिट्टा देवी, शिवपति, गुड्डू, मनीराम, मुन्शीलाल, मुलुकराज व इन्द्रपाल से संवाद कर उनकी बोरिंग के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर विधायक महसी सुरेश्वर सिंह के प्रतिनिधि अखण्ड प्रताप सिंह उर्फ गोलू भईया, ब्लाक प्रमुख फखरपुर के प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, पार्टी पदाधिकारी रणविजय सिंह, मुख्य अभियन्ता संजय त्रिपाठी, अधीक्षक अभियन्ता जे.पी. यादव, अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी महसी अखिलेश कुमार सिंह, अधि.अभि. ड्रेनेज खण्ड जे.पी. वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी महसी अनिल कुमार सिंह, अधि.अभि. जल निगम कमला शंकर, खण्ड विकास अधिकारी फखरपुर अजय प्रताप सिंह, सहायक अभियन्ता बी.बी. पाल, अवर अभि. जितेन्द्र कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष बौण्डी ज्ञान सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *