इटावा: यूपी के इटावा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बच्चे के मुंडन के दिन पति-पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी है। ये पति-पत्नी पहले रिश्ते में देवर-भाभी थे लेकिन बाद में इन्होंने आपस में शादी कर ली थी।
मामला इटावा के बकेवर थाने के हरराजपुर का है। यहां गृह कलेश के चलते दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक साल पहले मृतक 23 वर्षीय विशाल बाथम ने अपने बड़े भाई राहुल की पत्नी यानी अपनी भाभी रोशनी (उम्र: 25 साल) से विवाह कर लिया था।
तभी से दोनों किराए के मकान में रह रहे थे। शुक्रवार को घर के अंदर पहले रोशनी ने साड़ी के फंदे से आत्महत्या की। उसके बाद पति जब अपने बच्चे श्रेयांश का दूध लेकर घर आया तो देखा कि पत्नी रोशनी का शव फंदे पर लटका है। इसके बाद विशाल ने अपने ससुराल और परिवारवालों को घटना की जानकारी दी और रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक दंपति का चार माह का मासूम बच्चा भी है। 4 माह के मासूम श्रेयांश का मुंडन होना था। लेकिन उससे पहले ही माता-पिता का साया उसके ऊपर से उठ गया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बकेवर थाना क्षेत्र के हरराजपुर गांव में दंपति ने फांसी लगाकर जान दे दी है। सूचना पर थाना पुलिस, सर्किल सीओ, फॉरेंसिक टीम जांच करने पहुंची थी। जो भी विधिक कार्रवाई है अमल में लाई जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया गया है।