फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। हिंदी भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति के प्रचार-प्रसार को समर्पित भव्य आयोजन विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड-2025 के प्रचार-प्रसार की प्रक्रिया जोरों पर है। जनपद में शुक्रवार को ओलंपियाड के आधिकारिक पोस्टर का लोकार्पण किया गया।
रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल, विश्व हिंदी सचिवालय (मॉरीशस) एवं विश्व रंग सचिवालय (भारत) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ओलंपियाड का उद्देश्य हिंदी भाषा को वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त करना है। मॉरीशस में हुई ऐतिहासिक बैठक के बाद इस ओलंपियाड को 50 से अधिक देशों में आयोजित करने की घोषणा की गई थी, जिसके तहत भारत के विभिन्न राज्यों में भी इसकी तैयारी हो रही है। जनपद में होने वाले पोस्टर लोकार्पण कार्यक्रम में स्थानीय साहित्यकार, शिक्षक, छात्र एवं हिंदी प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजकों ने शहरवासियों से इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने की अपील की है। यह आयोजन हिंदी भाषा के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। भाषा साहित्य कला और संस्कृति के इंद्रधनुषी रंगों से सराबोर और एशिया के सबसे विराट महोत्सव विश्व रंग फाउंडेशन रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल एवं वनमाली सृजन पीठ के संयुक्त तत्वधान में विश्व रंग अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड का आयोजन आगामी 14 से 30 सितंबर 2025 तक होगा। यह आयोजन मारिसस, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, यूके, अमेरिका, आस्ट्रेलिया, जर्मनी, केन्या, इंडोनेशिया, बहरीन, यूएई, श्रीलंका, मलेशिया, नाइजीरिया, न्यूजीलैंड, नेपाल, कतर, सूरीनाम सहित दुनिया के 50 से अधिक देशों में हो रहा है। हिंदी को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को अभिव्यंजना की संस्था प्रमुख डॉ रजनी सरीन एवं अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने हिन्दी ओलम्पियाड 2025 के पोस्टर का लोकार्पण किया। विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बहुत ही आवश्यक हैं। डॉ रजनी सरीन ने कहा कि यह एक अच्छा प्रयास है। इससे हिंदी को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। वनमाली सृजन केन्द्र प्रभारी सुरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि इसमें भाग लेने वाले छात्रों को 1 करोड़ से अधिक के आकर्षक पुरुस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किये जायेंगे। इस अवसर पर आईसेक्ट से संजू सागर, डॉ नवनीत गुप्ता, भूपेन्द्र प्रताप सिंह, अमन अवस्थी, संदीप शाक्य आदि उपस्थित रहे।
विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड के पोस्टर का हुआ लोकार्पण
